बिहार में दस्तक देने को तैयार मानसून, अगले 24 घंटे में हो सकती है एंट्री

Edited By: Jay Dubey
Updated At: 10 May 2026 15:10:17

किशनगंज से प्रवेश कर सकता है मानसून, राज्यभर में बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी

Advertisement

पटना। बिहार के लोगों के लिए मानसून से जुड़ी बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के भीतर बिहार में मानसून की एंट्री हो सकती है। पूर्णिया और किशनगंज के रास्ते यह मानसून राज्य में प्रवेश करेगा, जिसकी पुष्टि मौसम विभाग ने की है।

राज्य में मानसून के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। सीमांचल क्षेत्र में बारिश का सिलसिला शुरू भी हो चुका है। मंगलवार और बुधवार के बीच मानसून के पूरे बिहार में पहुंचने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने किशनगंज से लेकर पटना और गया से लेकर मोतिहारी तक के जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। विशेषकर अररिया, किशनगंज, सिवान, सुपौल और सीतामढ़ी जैसे जिलों में मंगलवार को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

राज्यभर में अलर्ट और राहत की उम्मीद

पूरा उत्तर बिहार और कोसी-सीमांचल क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहीं दक्षिण बिहार के जिलों में येलो अलर्ट घोषित हुआ है। राजधानी पटना में भी बुधवार से प्रभावी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग का यह भी अनुमान है कि अगले 3-4 दिनों में तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

पिछले साल से इस बार मानसून में तेजी

गौरतलब है कि वर्ष 2023 में मानसून बिहार में 5 दिन की देरी से 15 जून को पहुंचा था, जबकि इस साल 2024 में मानसून के 20 जून तक राज्य में पूर्ण रूप से सक्रिय होने की संभावना जताई गई है।

Advertisement