बिहार के उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने किया फारबिसगंज की मेगा फूड प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण

Edited By: Jay Dubey
Updated At: 20 June 2025 22:52:26

फारबिसगंज बियाडा में 105 करोड़ की लागत से बन रही फैक्ट्री से बढ़ेगा रोजगार, बिहार के औद्योगिक विकास को मिलेगा नया आयाम

Advertisement

फारबिसगंज। बिहार सरकार के उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने फारबिसगंज बियाडा स्थित मेसर्स आरो सुंदरम प्राइवेट लिमिटेड की फूड प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लगभग 105 करोड़ की लागत से बन रही अत्याधुनिक फ्लोटिंग फीस्ट इकाई और फूड उत्पादन इकाई का जायजा लिया और कंपनी द्वारा लगाए जा रहे उपकरणों एवं सुविधाओं की सराहना की।

मंत्री ने फैक्ट्री के चेयरमैन अशोक चौधरी और निदेशक सौरभ चौधरी से विस्तारपूर्वक जानकारी ली और कार्यों की गुणवत्ता की प्रशंसा की। उन्होंने इसे फारबिसगंज सहित पूरे बिहार के औद्योगिक परिदृश्य के लिए सकारात्मक कदम बताया।

निरीक्षण के दौरान जीएम पुर्णिमा शुक्ला, अररिया जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक अररिया कृष्ण कुमार भारती, पूर्व सांसद अजय कृष्ण सिंह, भाजपा नेता आदित्य नारायण झा, आकाश राज, राजा मिश्रा, प्रो. राशिद हुसैन, प्रकाश लुनिया सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

मंत्री ने कहा कि फारबिसगंज जैसे क्षेत्रों में इस तरह की इकाइयों की स्थापना से बिहार में बड़ी फैक्ट्रियों और निवेश के लिए सकारात्मक माहौल तैयार हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्लांट न केवल लोगों को रोजगार देगा बल्कि स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहुंचाने में भी मददगार होगा।

उन्होंने बताया कि कंपनी के प्लांट में फूड उत्पादन एवं फ्लोटिंग फीस्ट यूनिट दोनों का संचालन प्रारंभ हो गया है। स्टार्टअप यूनिट के रूप में काम कर रही इस फैक्ट्री में अब तक काफी प्रगति हुई है। आने वाले समय में इसमें और निवेश कर इसके विस्तार की योजना है।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बियाडा क्षेत्र में वाटर ट्रीटमेंट सिस्टम, रिहायशी परिसर तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं शीघ्र सुनिश्चित की जाएं। इसके साथ ही उन्होंने फारबिसगंज स्थित नूडल्स फैक्ट्री Asian Thai Foods Purvanchal (Rumpum) और Rungta कॉलेज का भी निरीक्षण किया।

Advertisement