अररिया के पत्रकार विमल कुमार हत्याकांड में बड़ा फैसला, दो दोषियों को उम्रकैद की सजा

Edited By: Jay Dubey
Updated At: 27 February 2026 18:49:11

इंसाफ की जीत! अररिया के पत्रकार विमल कुमार के हत्यारों को मिली उम्रकैद, 7 आरोपी बरी।

Advertisement

टाइम्स भारत ब्रेकिंग: अररिया के पत्रकार विमल कुमार हत्याकांड में बड़ा फैसला, दो दोषियों को उम्रकैद की सजा

अररिया: बिहार के अररिया जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। चर्चित पत्रकार विमल कुमार हत्याकांड में न्यायालय ने आज अपना ऐतिहासिक फैसला सुना दिया है। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (चतुर्थ) रबी कुमार की अदालत ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास (उम्रकैद) की सजा सुनाई है।

क्या है पूरा मामला? बता दें कि 18 अगस्त 2023 को अररिया के रानीगंज इलाके में दैनिक जागरण के निर्भीक पत्रकार विमल कुमार की निर्मम हत्या कर दी गई थी। विमल कुमार जब अपने घर से रिपोर्टिंग के सिलसिले में निकले थे, तभी घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया था। इस घटना ने पूरे प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए थे और व्यापक आक्रोश पैदा किया था।

दोषियों पर लगा भारी जुर्माना अदालत ने आरोपी माधव यादव (निवासी कोशकापुर उत्तर) और बिपिन यादव (निवासी भरना) को हत्या का दोषी पाते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। साथ ही, दोनों पर 50-50 हजार रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया गया है। मुख्य आरोपी माधव यादव को आर्म्स एक्ट के तहत भी दोषी पाया गया, जिसके लिए उसे अलग से सजा और 10 हजार रुपये का अतिरिक्त जुर्माना भुगतना होगा।

7 अन्य आरोपी हुए बरी इस मामले में स्पीडी ट्रायल के जरिए सुनवाई पूरी की गई। हालांकि, साक्ष्यों के अभाव में कोर्ट ने सात अन्य आरोपियों—शैशव कुमार, उमेश यादव, क्रांति कुमार यादव, संतोष कुमार भारती, रूपेश यादव, आशीष कुमार यादव और अर्जुन कुमार को रिहा कर दिया है।

पत्रकारिता जगत ने किया फैसले का स्वागत न्यायालय ने अपनी टिप्पणी में कहा कि स्वतंत्र पत्रकारिता को डराने या दबाने की कोशिश लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। विमल कुमार के परिजनों और स्थानीय पत्रकारों ने इस फैसले पर संतोष जताया है। उनका कहना है कि हालांकि इस सजा से विमल की कमी पूरी नहीं होगी, लेकिन न्याय मिलने से अपराधियों के मन में कानून का खौफ जरूर पैदा होगा।

टाइम्स भारत ब्यूरो, अररिया

Advertisement