बिहार: कटिहार वासियों को बड़ी सौगात, NH-31 पर जाम से मिलेगी मुक्ति; कुर्सेला और कोढ़ा में बनेंगे शानदार फ्लाईओवर

Edited By: Jay Dubey
Updated At: 25 February 2026 17:45:20

पप्पू यादव की मांग पर केंद्र की मुहर

Advertisement

बिहार: कटिहार वासियों को बड़ी सौगात, NH-31 पर जाम से मिलेगी मुक्ति; कुर्सेला और कोढ़ा में बनेंगे शानदार फ्लाईओवर

कटिहार/नई दिल्ली: बिहार के कटिहार जिले में वर्षों से जाम की समस्या झेल रहे लोगों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे 31 (NH-31) पर अब सफर सुहाना होने वाला है। केंद्र सरकार ने कटिहार के कुर्सेला और कोढ़ा बाजार में फ्लाईओवर निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के पूरा होने से न केवल ट्रैफिक स्मूथ होगा, बल्कि दुर्घटनाओं में भी भारी कमी आने की उम्मीद है।

पप्पू यादव की मांग पर केंद्र की मुहर

मिली जानकारी के अनुसार, पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने इस गंभीर समस्या को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की थी और पत्राचार के माध्यम से फ्लाईओवर की मांग रखी थी। सांसद की इस सक्रियता पर संज्ञान लेते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आधिकारिक पत्र भेजकर सूचित किया है कि एनएच 31 के खगड़िया-पूर्णिया खंड के 4-लेन डीपीआर (DPR) में कुर्सेला और कोढ़ा बाजार क्षेत्रों में फ्लाईओवर के निर्माण को शामिल कर लिया गया है।

जाम के झाम से मिलेगा परमानेंट छुटकारा

बता दें कि कुर्सेला और कोढ़ा के घनी आबादी वाले बाजारों से होकर गुजरने वाले इस नेशनल हाईवे पर आए दिन भारी वाहनों के कारण मीलों लंबा जाम लगा रहता है। इस जाम की वजह से स्थानीय व्यापारियों, स्कूल जाने वाले बच्चों और गंभीर मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब फ्लाईओवर बनने से हाईवे का ट्रैफिक ऊपर से निकल जाएगा और नीचे स्थानीय बाजार में भीड़भाड़ कम होगी।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा हाईवे

सिर्फ फ्लाईओवर ही नहीं, बल्कि इस पूरे खंड को आधुनिक तकनीक से लैस करने की योजना है। 'टाइम्स भारत' को मिली जानकारी के मुताबिक:

  • स्मार्ट सिग्नलिंग: यातायात प्रबंधन के लिए आधुनिक सिग्नल सिस्टम लगाया जाएगा।
  • निगरानी तंत्र: पूरी सड़क पर सीसीटीवी और आधुनिक निगरानी तंत्र विकसित होगा।
  • सर्विस रोड: स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार सर्विस रोड का निर्माण भी प्रस्तावित है।

विकास की नई उड़ान

सांसद पप्पू यादव ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को दूर करना है ताकि आम जनता को रोजमर्रा की दिक्कतों से निजात मिल सके।

ब्यूरो रिपोर्ट, टाइम्स भारत

Advertisement