अररिया मर्डर मिस्ट्री: दूसरी पत्नी के चक्कर में पति बना जल्लाद, पहली पत्नी की गला घोंटकर हत्या।

Edited By: Jay Dubey
Updated At: 18 February 2026 23:24:29

नरपतगंज हत्याकांड: 12 साल का रिश्ता और 3 बच्चे, फिर भी दूसरी औरत के लिए पति ने ले ली विभा की जान।

Advertisement

Times Bharat Exclusive: अररिया में सनसनी, दूसरी औरत के चक्कर में पति बना हैवान; पत्नी की गला दबाकर हत्या, घर में फंदे से लटका मिला शव

अररिया (बिहार): बिहार के अररिया जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ नरपतगंज प्रखंड के गोड़राहा विशनपुर पंचायत में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी पति का किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध था, जिसके विरोध में उसने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया।

क्या है पूरा मामला? मिली जानकारी के अनुसार, गोड़राहा विशनपुर निवासी संतोष यादव की शादी करीब 12 साल पहले विभा देवी (32 वर्ष) के साथ हुई थी। उनके तीन बच्चे भी हैं। संतोष लुधियाना में मजदूरी करता था, जहाँ उसे दो बच्चों की माँ एक अन्य महिला से प्रेम हो गया। करीब 5 साल पहले वह उस महिला को अपने घर ले आया और साथ रखने लगा। इसी बात को लेकर घर में अक्सर कलह होती थी।

साजिश के तहत हत्या का आरोप मृतका के परिजनों का आरोप है कि संतोष अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर विभा को लगातार प्रताड़ित करता था। मंगलवार को विवाद इतना बढ़ा कि संतोष ने विभा की हत्या कर दी और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। दोपहर में जब ग्रामीणों ने विभा का शव घर में लटकता देखा, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही नरपतगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया है।

थानाध्यक्ष का बयान: थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी विवाद में हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। हालांकि, मृतका के मायके वालों की ओर से अभी लिखित आवेदन नहीं दिया गया है, लेकिन पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए छानबीन शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद से विभा के तीन मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, जिनके सिर से माँ का साया उठ गया और पिता सलाखों के पीछे जाने की कगार पर है।

टाइम्स भारत न्यूज़ डेस्क

Advertisement