अररिया में 'सफेद जहर' का कहर: थिनर मिला हुआ पेट्रोल पी रहे हैं आपके वाहन, ₹130 प्रति लीटर की लूट और इंजन की बर्बादी!

Edited By: Jay Dubey
Updated At: 16 March 2026 21:20:13

नरपतगंज के चप्पे-चप्पे पर फैला अवैध फ्यूल का सिंडिकेट; ₹80 वाला नकली तेल ₹120 के पार, प्रशासन की छापेमारी की तैयारी।

Advertisement

टाइम्स भारत न्यूज़: विशेष पड़ताल

अररिया में 'सफेद जहर' का कारोबार: ₹130 लीटर बिक रहा मिलावटी पेट्रोल, आपके वाहन के इंजन को कर रहा बर्बाद!

अररिया (नरपतगंज): अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की कालाबाजारी और मिलावट का धंधा चरम पर है। 'टाइम्स भारत न्यूज़' की पड़ताल में सामने आया है कि प्रखंड के चप्पे-चप्पे पर बोतलों और गैलनों में अवैध रूप से ईंधन बेचा जा रहा है। यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि वाहन मालिकों की जेब और सुरक्षा के साथ भी बड़ा खिलवाड़ है।

₹106 का तेल ₹130 में, वो भी मिलावटी!

हैरानी की बात यह है कि जहाँ अधिकृत पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कीमत करीब ₹106 प्रति लीटर है, वहीं अवैध रूप से इसे ₹120 से ₹130 प्रति लीटर तक बेचा जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस पेट्रोल में थिनर और अन्य घातक रसायनों की मिलावट की जाती है, जिससे मुनाफा तो बढ़ जाता है लेकिन वाहनों का इंजन समय से पहले दम तोड़ रहा है।

इन इलाकों में धड़ल्ले से चल रहा धंधा

नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा, घूरना, बसमतिया, अंचरा, नवाबगंज, चंदा, डुमरिया, चकरदाहा, पलासी और मिरदौल जैसे इलाकों में यह अवैध धंधा खुलेआम चल रहा है। छोटे-छोटे दुकानदार गैलनों में तेल भरकर बेच रहे हैं।

वाहन मालिकों का दर्द: "इंजन से आने लगी है आवाज़"

स्थानीय वाहन मालिक मो. हसीब, गुलशन यादव और सानू कुमार ने बताया कि मजबूरी में बोतलों वाला पेट्रोल इस्तेमाल करने के बाद उनके वाहनों का माइलेज गिर गया है और इंजन से अजीब आवाजें आने लगी हैं। इतना ही नहीं, बाजार में नकली मोबिल ऑयल का भी बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जो 500 किलोमीटर चलते ही इंजन को सीज कर रहा है।

बड़ा खुलासा: ₹75 का नकली तेल ₹120 में खपाया जा रहा

सूत्रों की मानें तो सीमावर्ती इलाकों से ₹75 से ₹80 प्रति लीटर की दर से नकली और मिलावटी ईंधन खरीदकर उसे ₹120 से ऊपर बेचा जाता है। करीब एक सप्ताह पहले पुलिस ने फतेहपुर में 2000 लीटर नकली तेल बरामद किया था, लेकिन कार्रवाई के बावजूद यह सिंडिकेट दोबारा सक्रिय हो गया है।

प्रशासन का क्या है कहना?

इस मामले पर फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि पूर्व में भी बड़ी कार्रवाई की गई है और अब ऐसे मिलावटखोरों को चिह्नित किया जा रहा है। उन्होंने जल्द ही विशेष छापेमारी अभियान चलाने और दोषियों को जेल भेजने की बात कही है।

टाइम्स भारत न्यूज़ की अपील:

अपने वाहन की लंबी उम्र के लिए केवल अधिकृत पेट्रोल पंपों से ही तेल लें। बोतलों में बिकने वाला तेल न केवल आपके वाहन के लिए 'जहर' है, बल्कि इससे किसी भी समय बड़ी आगजनी की घटना हो सकती है।

रिपोर्ट: डिजिटल डेस्क, टाइम्स भारत न्यूज़

 

Advertisement