बिहार के फारबिसगंज में कॉस्मेटिक कारोबारी पर जानलेवा हमला, लूट के दौरान अपराधियों ने दागी गोली।

Edited By: Jay Dubey
Updated At: 18 February 2026 19:30:31

लूट की नीयत से आए थे बदमाश

Advertisement

टाइम्स भारत न्यूज: बिहार के अररिया में बेखौफ बदमाशों का तांडव, दुकान में घुसकर थोक व्यवसायी को मारी गोली

अररिया/फारबिसगंज: बिहार में बेलगाम अपराधियों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला अररिया जिले के फारबिसगंज से सामने आया है, जहाँ मंगलवार की देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शहर के व्यस्त शास्त्री चौक कोठी हाट के पास स्थित 'मेसर्स गायत्री स्टोर' के प्रोपराइटर और कॉस्मेटिक के थोक विक्रेता, 50 वर्षीय अरुण कुमार केसरी को अपराधियों ने उनकी दुकान में घुसकर गोली मार दी।

लूट की नीयत से आए थे बदमाश घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि अरुण कुमार केसरी अपने पुत्र रूपेश कुमार के साथ दुकान पर मौजूद थे, तभी एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे। अपराधियों ने दुकान में घुसते ही अरुण केसरी पर पिस्टल तान दी और पैसों की मांग की। जब व्यवसायी ने विरोध किया और कहा कि उनके पास पैसे नहीं हैं, तो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली अरुण कुमार के दाहिने बांह में लगी, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी कोठीहाट नहर की ओर तेजी से फरार हो गए।

इलाज के लिए बाहर रेफर, इलाके में दहशत गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। घायल व्यवसायी को आनन-फानन में फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया है। घटना के बाद से स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।

पुलिस जांच में जुटी सूचना मिलते ही एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा और थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल व्यवसायी का बयान दर्ज किया। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही अपराधी सलाखों के पीछे होंगे।

बिहार में लगातार व्यवसायियों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट, टाइम्स भारत न्यूज।

Advertisement